Friday, March 20, 2020

गैरजिम्मेदार और लापरवाह नागरिकों ने देश को कोरोना के तीसरे चरण की ओर धक्का दे दिया है! --By Dr Seema Singh

                    विश्व के प्रत्येक कोने में जीवन की जंग चल रही है ,ऐसा लग रहा है कि दुनिया तीसरा विश्व युद्ध लड़ रही है !सबकी जबान पर एक ही बात है कि जान है तो जहान है, जान बची रही तो फिर से सब ठीक कर लेंगे! अर्थव्यवस्था डूबेगी कोई बात नहीं, उससे उबर जाएंगे लेकिन अपने लोगों को मरने नहीं दे सकते! केंद्र सरकार युद्ध स्तर पर जुटी हुई है ताकि कोरोना वायरस को द्वितीय चरण से आगे बढ़ने से रोका जा सके! राज्य सरकारें हर पल अपने राज्यवासियों की सुरक्षा के लिये नए -नए कदम उठा रही हैं!
            हमारे देश के सभी स्वास्थ्य कर्मी चाहे डॉक्टर हों, नर्स हों, फार्मासिस्ट हों या अन्य सहायक कर्मचारी हों, दिन रात अपनी सेवाएं दे रहे हैं! इस नाजुक समय में युद्घ के असली सिपाही तो ये स्वास्थ्य कर्मी ही हैं! मीडिया भी पूरी तरह से मुस्तैद है, हर जरूरी जानकारी प्रतिपल जनता तक पहुँचा रही है! सभी सफाई कर्मचारी भी अपनी परवाह किये बिना अपनी सेवाएं दिये जा रहे हैं! वो सभी नागरिक जो कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिये अपने आप को क्वारंटाइन में रख रहे हैं और दूसरों को घर में बैठने के लिये प्रेरित कर रहे हैं,ऐसे सभी लोग  बधाई के पात्र हैं!
एक डॉक्टर का निवेदन
                   इस सबके उलट कुछ लोग ऐसे भी हैं जो बेपरवाह होकर हर जगह घूमते रहते हैं, कुछ लोग धरने पर बैठे हैं जैसे दिल्ली में शाहीनबाग और लखनऊ में घंटाघर पर महिलाएं बैठी हैं !उनसे उठने को कहा जाता है तो अजीब से तर्क देती हैं कि उन्हें कोरोना नहीं होगा या फिर कहती हैं कि हमें मरने से डर नहीं लगता लेकिन सच्चाई को और मामले की गंभीरता को न तो वो समझ पा रही हैं और न ही उनको उकसाने वाले लोग वहाँ जाकर समझा रहे हैं! 
           आज एक उच्च वर्ग की पढ़ी लिखी, सुशिक्षित, बॉलीवुड सिंगर  कनिका कपूर ने जिस लापरवाही का परिचय दिया है उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम ही होगी! 
कनिका कपूर 
ये मैडम 9 मार्च को लंदन से मुंबई आईं, उसके बाद अगले दिन ये लखनऊ पहुँचीं, लखनऊ में ये तीन पार्टी करती हैं, शॉपिंग करने जाती हैं, कानपुर में अपने मामा के घर भी जाती हैं वहाँ भी दो दिन रुकती हैं और इन सभी मौकों पर सबके साथ सेल्फी लेती हैं! इनकी पार्टियों में सांसद, मंत्री और बड़े -बड़े नेता शामिल होते हैं यहाँ तक कि उत्तर प्रदेश के वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री भी सपरिवार सम्मिलित होते हैं! आज 20 मार्च को कनिका कपूर कोरोना वायरस के लिये पॉजिटिव पाई गईं!                                
                     अब ये अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल प्रतीत हो रहा है कि कनिका कपूर कितने लोगों को कोरोना का संक्रमण दे चुकी हैं! क्या इनकी ये जिम्मेदारी नहीं बनती थी कि ये लंदन से लौटने के बाद सेल्फ क्वारंटाइन में चली जातीं लेकिन इन्होंने लापरवाही की जो कि आज अपराध की श्रेणी में आ चुका है! इन्होंने न जाने कितने लोगों की जिन्दगियाँ खतरे में डाल दी हैं! शासन और प्रशासन का काम बढ़ा दिया, सरकार का करोड़ो रुपये का खर्च बढ़ा दिया क्योंकि अब लखनऊ, कानपुर और गौतमबुद्ध नगर को सैनिटाइज किया जाएगा! अच्छा ही हुआ कि लखनऊ के डी एम ने कनिका कपूर पर धारा 188,269 और 270 के तहत एफ आई आर दर्ज करवा दी है ताकि दूसरे गैर जिम्मेदार लोगों को कुछ सीख मिल सके! 
                          एक तरफ हमारी सरकार कोरोना को फैलने से रोकने के लिये सभी संभव प्रयास कर रही है वहीं दूसरी ओर मंत्री और सांसद पार्टी कर रहे हैं! इस नाजुक समय में जब चारों तरफ सोशल डिस्टैंसिंग की बात हो रही है तब ये नेता और मंत्री सोशल गेदरिंग कर रहे हैं, क्या इनकी कोई जिम्मेदारी नहीं बनती है कि ये अपने आचरण से समाज के समक्ष एक नजीर पेश करें! 
वसुंधरा राजे, कनिका कपूर सेल्फी लेते हुए 
                              ऐसे ही कुछ और भी  केस चर्चा में आए हैं जिन्होंने विदेेश से लौटने के बाद क्वारंटाइन का नियम नहीं माना और दो- चार दिन सबके बीच घूमते रहेे ,ये सभी केस पॉजिटिव पाए गए! 
लंदन से लौटा लड़का ,माँ के साथ 


           ये लड़का कोलकाता की एक सीनियर आई ए एस अधिकारी का बेटा है, ये लंदन से लौटने के बाद दो दिन ऐसे ही घूमता रहा और कोरोना पॉजिटिव पाया गया! इसने न जाने कितने लोगों को कोरोना वायरस का संक्रमण दे दिया होगा! ऐसा ही एक केस बंगलौर में भी  पाया गया, जो कि जर्मनी से लौटा था और उसकी माँ ने उसे आइसोलेशन में भेजने के बजाय अपने साथ गेस्टहाउस में रखा! वह  रेलवे की अधिकारी थी लेकिन उसकी इस हरकत के बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया है! ऐसे ही केस अहमदाबाद और राजस्थान में भी  सामने आए हैं जो कि विदेश से लौटकर सबके बीच घूमते रहे और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं! 
                      इन सब लोगों ने अब तक न जाने कितने लोगों के बीच कोरोना वायरस पहुँचा दिया होगा! मोदी जी की कोशिशों को नाकाम करने के लिये ये लापरवाह, गैर जिम्मेदार नागरिक यहाँ वहाँ विचरण कर चुके हैं! क्या हम लोग  तृतीय चरण में जाने से बच सकते हैं? नहीं बच पाएंगे क्योंकि इस तरह के मूर्ख नागरिकों की कमी नहीं है इस देश में! फिर भी उम्मीद करूँगी कि हमारा देश चीन और इटली जैसे कठिन, दर्दनाक समय को न देखे! अभी भी सब लोग सुधर जाएं तो शायद हमारा भारत इस जंग को जीतने में कामयाब हो जाए! 
                                   --डॉ सीमा सिंह 

4 comments:

  1. You are right Dr.seema, Janta sudharna hee nhee chah rhee,jab tak kee koi outbreak na ho Jaye

    ReplyDelete
    Replies
    1. There are so many educated illiterate in India.

      Delete
  2. Sahi baat hai. . . Sarkaar ko koste rahenge sarkaar ki sunenge nahi.. . Baar baar sirf ek hi appeal ki gathering mut kariye per ye litterally illetrate nahi samajhenge. . . .

    ReplyDelete
    Replies
    1. Log samajh hi nahi rahe hain. India me third stage ke bare me imagine karne se bhi dar lagta hai.

      Delete