Wednesday, April 29, 2020

वो स्टार नहीं एक अभिनेता था जो सबको रुला गया ! --Dr Seema Singh

इरफ़ान ख़ान
     
        आज कैफ़ी आज़मी जी का एक शेर बहुत याद आ रहा है, और माहौल में फिट भी हो रहा है! एक बेहतरीन अभिनेता के असमय जाने से चारों ओर वादियों में सन्नाटा है, माहौल ग़मग़ीन है बस रह-रह के यही आवाज़ आती है कि-
  " रहने को सदा दहर में आता नहीं कोई,
    तुम जैसे गए, ऐसे भी जाता नहीं कोई! "
                                       -कैफ़ी आज़मी

        ये बड़ी-बड़ी जादुई आँखों वाला आम जन का अभिनेता आज सभी आम और ख़ास  की आँखों में आँसू बहा गया !कहते हैं कि किसी व्यक्ति का जीवन इस बात से ही सफल या असफल माना जाता है कि उसकी मृत्यु पर कितने लोगों की आँखों में आँसू आए या कितने लोग उसकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए !                                                                             इरफ़ान ख़ान की अंतिम विदाई में तो ज्यादा लोग जा नहीं सकते थे क्योंकि इस समय हमारा देश और पूरा विश्व एक बहुत बड़ी आपदा से जंग लड़ रहा है जिसके कारण लॉकडाउन है और सोशल डिस्टैंसिंग भी  जरूरी है !इसलिये किसी की भी अंतिम यात्रा में सिर्फ 20 लोग ही जा सकते हैं!
लेकिन आज बहुत से लोगों की आँखों में आँसू जरूर बहे हैं चाहे वह आम हो या खास हो, तो इस आधार पर इरफ़ान ख़ान का जीवन  पूर्णरूपेण सफल रहा!

अभिनेता इरफ़ान ख़ान

               इरफ़ान ख़ान न तो स्टार थे, और न ही हीरो वो सिर्फ एक मंझे हुए अभिनेता थे जिसने टीवी सीरियल, बॉलीवुड और हॉलीवुड सभी जगह अपनी अमिट छाप छोड़ी है! मैं यह  दावे के साथ कह सकती हूँ कि यदि कोई व्यक्ति जो इरफ़ान खान को नहीं भी जानता हो और उनकी एक फिल्म देख ले, वो उनके अभिनय कौशल की प्रशंसा किये बिना नहीं रह सकता!
                यही कारण है कि एक सामान्य से रंग रूप वाले अभिनेता  द्वारा निभाया गया प्रत्येक रोल अमर हो गया ! अपने द्वारा अभिनीत भूमिकाओं की तरह ही यह अभिनेता भी लोगों के दिलों में अमर हो गया है! इरफ़ान ख़ान की मृत्यु की खबर सुनकर सबके मन में यही भाव आया होगा कि अभी तो और बहुत कुछ आना बाकी था, अभी तो और न जाने कितने बेहतरीन रोल देखना बाकी था लेकिन नियति के आगे सब असहाय हैं!
            कैसा दुखद संयोग था कि अपनी मृत्यु के चार दिन पहले उनकी माता का निधन हुआ ,वो लॉकडाउन और अपनी बीमारी के चलते अपनी माँ की अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हो पाए और न ही उनके दर्शन कर पाए ! उनकी आखिरी फिल्म 'इंग्लिश मीडियम' के प्रमोशन में  वो पहुँच नहीं पाए थे, तब उन्होंने जो ऑडियो जारी किया, उसके शब्द सुनकर ऐसा लगता है जैसे उन्हें अपनी मृत्यु करीब दिखाई दे रही थी! उनका यह कहना कि "मैं आप के साथ हूँ भी और नहीं भी हूँ... .............जैसा होगा आप लोगों को उसकी इत्तला कर दी जाएगी" !देखिये न  आज क्या इत्तला की गई ...कि अब इरफ़ान ख़ान हम सब के बीच नहीं रहे!
                बहुत कम लोग ऐसे होते हैं कि उनसे आप कभी भी न मिले हों, आपका कोई व्यक्तिगत रिश्ता भी  न हो और न ही उनसे किसी प्रकार की जान पहचान हो, आप उन्हें सिर्फ उनके काम के माध्यम से जानते हों फिर भी उनकी मृत्यु आपको रोने पर मजबूर कर दे! इरफ़ान ख़ान एक ऐसी ही शख्सियत थे! ऐसे चमकते सितारों को ईश्वर भी अपने पास जल्दी बुला लेता है! ईश्वर से प्रार्थना है कि वह उस महान आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें!
                                --डॉ सीमा सिंह 
           
             

4 comments:

  1. बेहतरीन प्रस्तुतिकरण......भावभीनी श्रद्धांजलि एक महान कलाकार को

    ReplyDelete
    Replies
    1. परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे! हम उन्हें कभी नहीं भूल पाएंगे!

      Delete